नगर के रोडवेज परिसर में बस के अभाव में प्राइवेट वाहन से अपने गंतव्य को जाते परेशान यात्री।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। शासन की तरफ से रक्षाबंधन पर 48 घंटे तक बहनों के रोडवेज बसों से आने-जाने के लिए नि:शुल्क यात्रा की सुविधा बहनों को नहीं मिल सकी। रक्षाबंधन पर परिवहन निगम की आधी अधूरी तैयारियों का उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा। आखिरकर बहनें निजी वाहनों से भाइयों को राखी बांधने के लिए रवाना हुईं। मऊ तथा दोहरीघाट डिपो में यात्रियों की सुबह से ही भीड़ लगी रही। महिलाएं बसों का इंतजार करतीं नजर आई। हालांकि रक्षाबंधन पर परिवहन निगम की तरफ से पर्याप्त बसों का संचालन न होने तथा बसों का रखरखाव सहीं नहीं होने से यात्रियों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। समय से बसें न मिलने से बहनें निजी सवारी वाहनों से गंतव्य तक जाती दिखीं। बढुआगोदाम से रोडवेज बस से आईं सुनीता देवी का कहना था कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा कराना स्वागत योग्य है। उन्हें निजी सवारी वाहन से यात्रा करनी पड़ी। सहादतपुरा निवासी किरन देवी का कहना था कि एक घंटे से रोडवेज बस का इंतजार किया। मुुंशीपुरा निवासी ज्ञांती सिंह का कहना था कि वह गाजीपुर भाई को राखी बांधने जा रही हैं। लेकिन बस है कि उसका पता ठिकाना नहीं है।