मऊ। बकरीद के चलते बीते शनिवार को अवकाश के चलते सोमवार को जिले में के विभिन्न तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजन किया गया। इस अवसर पर 337 मामले आए। जिसमें से छह मामलों का ही निस्तारण हो सका। इस दौरान घोसी नगर पंचायत के जमालपुर मिर्जापुर वार्ड संख्या पांच में लाखों से हो रहे नाला निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग करने की शिकायत पर मुख्य राजस्व अधिकारी ने उपजिलाधिकारी आनंद कन्नौजिया को जांच करने का निर्देश दिया। सदर तहसील में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां 116 शिकायतें आईं, जिनमें से तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। वहीं पांच टीमें मौके पर भेजी गई। वहीं तीनों अन्य तहसील मधुबन, घोसी, मुहम्मदाबाद गोहना में सीआरओ, सीडीओ, एडीएम द्वारा फरियादियों की समस्याएं सुनी गई। इस दौरान कुल प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक राजस्व विभाग से 65, पुलिस विभाग से 14 तथा शेष अन्य विभागों से संबंधित थी।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक इलामारन जी, उप जिलाधिकारी सदर और समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में मधुबन तहसील में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। घोसी : स्थानीय तहसील के सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न हुआ। जिसमें क्षेत्र से आये 68 फरियादियों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत की। मौके पर दो समस्याओं का समाधान हो सका। सभासद नेहाल अख्तर, आफताब अहमद एवं जुल्फेकार ने शिकायत किया कि जमालपुर मिर्जापुर वार्ड संख्या पांच में नाले के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
जिस पर सीआरओ फोटो देख कर भड़क गए और एसडीएम को निर्देशित किया कि कार्यदायी संस्था के विरुद्ध जांच कर कार्यवाई करें। मूंगमांस निवासी भरत राज ने शिकायत किया कि उसके दादा के नाम से आबादी की जमीन है। उसपर कुछ लोग रास्ता निकाल दिया। खैरा मुहम्मदपुर गांव निवासी प्रभूनाथ ने घरौनी में लेखपाल द्वारा सर्वे के दौरान दूसरों का नाम अंकित कराने का आरोप लगाया। इस अवसर पर एसडीएम आनंद कन्नौजिया, तहसीलदार डाॅ. धर्मेंद्र पांडेय, नायब तहसीलदार अमरनाथ यादव, रितेश सिंह, अजीत राजभर, शनि सिंह, विवेक सिंह, अरविन्द पाण्डेय, आशीष यादव आदि उपस्थित रहे।