जिला अस्पताल के सीएमएस के कक्ष के बाहर बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन करते कालोनी में रहने वाल
- फोटो : MAU
मऊ। जिला अस्पताल कॉलोनी का बिजली विभाग ने बकाया बिल का भुगतान न किए जाने पर बुधवार की शाम बिजली काट दी। रातभर बिना बिजली के रहने पर बृहस्पतिवार को गुस्साए डॉक्टर और कर्मचारी सीएमएस कार्यालय पहुंचे और सीएमएस का घेराव किया। उधर, बकाया अदा होने पर शाम को बिजली विभाग ने आपूर्ति बहाल कर दी। हालांकि डॉक्टरों और कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर शुक्रवार से चिकित्सकीय कार्य ठप करने का अल्टीमेटम भी दे रखा था। जिला अस्पताल परिसर में चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों के आवासीय कॉलोनी बनी है। बुधवार की शाम करीब सात बजे बिजली विभाग ने बकाया बिल जमा न कराने पर कनेक्शन काट दिया। इससे पूरी कॉलोनी में अंधेरा पसर गया। रात भर गर्मी में अंधेरे में रहने और सुबह पेयजल समस्या से आजिज चिकित्सक डॉ.शैलेश कुशवाह, स्वास्थ्य कर्मचारी अविनाश सिसौदिया के नेतृत्व में चिकित्सकों और कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार की सुबह सीएमएस डॉ. बृजकुमार का घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। डॉ. शैलेष ने बताया कि हर माह वेतन से बिजली बिल के लिए राशि काटी जाती है। बावजूद उन्हें 24 घंटे से गर्मी में अंधेरे में रहने को मजबूर है। चेताया कि शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाती है तो सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारी शुक्रवार को काम ठप कर देंगे। शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन देने के बाद चिकित्सक तथा कर्मचारी शांत हुए। विरोध प्रदर्शन करने वालों में डॉ. राकेश चौधरी, अविनाश सिसौदिया, पंकज यादव, भुवेनश्वर प्रसाद, विंदेश्वरी राय, टिंकू राय सहित आदि कर्मचारी मौजूद रहे। उधर, अस्पताल प्रशासन के बिजली बिल का बकाया अदा किए जाने पर बिजली विभाग ने देर शाम अस्पताल कालोनी में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी।