थाना रानीपुर क्षेत्र में अभी पुलिस सराफा व्यवसायी प्रहलाद सराफ से 29 जनवरी को हुई लूट का पर्दाफाश भी नहीं कर सकी कि सोमवार की रात यहीं पर एक व्यक्ति को तमंचा सटाकर बदमाशों ने उसका मोबाइल लूट लिया।
हालांकि बदमाशों ने तलाशी भी ली, लेकिन पीड़ित के पास मोबाइल के सिवाय कुछ नहीं था। इसके चलते बदमाश सिर्फ मोबाइल ही लूट ले गए। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।
सोनिसा गांव निवासी रामजनम यादव मजदूरी कर रोजीरोटी कमाता है। सोमवार की रात वह मजदूरी करके पैदल ही घर जा रहा था। सोनिसा मोड़ के समीप बाइक सवार तीन बदमाश आए और उसे तमंचा सटाकर सभी कुछ निकाल देने को कहा। पैसा न निकालने पर बदमाशों ने खुद उसकी तलाशी ली।
इस दौरान बदमाश सिर्फ उसकी मोबाइल पाए और लेकर चले गए। घटना के बाद रामजनम डरा सहमा घर पहुंचा और आपबीती बताई। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।