फतेहपुर मंडाव (मऊ)। मधुबन थाना क्षेत्र के हरियाव गांव में रविवार को एक ग्रामीण के रिहायशी मड़ई में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में 15 हजार रुपये नकदी सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वहीं दो मवेशियों की आग में झुलसने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया।
हरियाव गांव निवासी रामदास यादव सब्जी बेचकर परिवार का भरण पोषण करता है। शनिवार को रोजाना की भांति वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने रिहायशी मड़ई में सोया हुआ था। रविवार की भोर में अचानक शार्ट-सर्किट के चलते आग लग गई। परिवार कुछ समझ पाता जब तक आग ने पूरी घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आग पर दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया लेकिन तब तक घर में रखा 15 हजार रुपये नकदी सहित एक लाख मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। वहीं आगलगी की घटना में दो बकरियों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि बाहर बंधी गाय गंभीर रूप से झुलस गई।