नगर के गाजीपुर तिराहा के पास बंद मोबाइल की दुकानें।
- फोटो : MAU
मऊ। शासन के आदेश के बाद शुक्रवार को पहले दिन ई पास जारी न होने के चलते इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, बैट्री, इनवर्टर, स्टेशनरी की दुकानों पर ताला लटका रहा। इस दौरान पहले दिन चोरी छिपे इक्का दुक्का दुकानें खुली देखी गई। ई-पास के लिए व्यापारी विभागीय अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर काटते रहे। लॉक डाउन के चलते आम लोगों तथा व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। जिला प्रशासन की तरफ से शुक्रवार को इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक, बैट्री, इनवर्टर, मोबाइल, स्टेशनरी की दुकानें खोलने का फरमान जारी किया था, लेकिन ईपास जारी न होने के चलते दुकानों पर ताला लटका रहा। चोरी छिपे कहीं-कहीं दुकानें खुली। व्यापारियों की मानें तो ई पास जारी करने की पारदर्शी व्यवस्था न होने से तमाम समस्या आ रही है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने ई पास बनाने वाले सक्षम अधिकारियों व विशेषकर लिपिकों द्वारा उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। व्यापारियों का कहना था कि ई पास शुक्रवार को जारी नहीं हुआ तो दो दिन अवकाश होने के चलते मामला पेंडिंग में पड़ सकता है। मुहम्मदाबादगोहना: कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रानिक, स्टेशनरी आदि की दुकानों पर ताला लटका रहा। दुकानदार ई पास जारी कराने के जुगत में लगे रहे। घोसी: कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रानिक की इक्का दुक्का दुकानें खुली रही। दुकानदार ग्राहकों की राह देखते रहे। इसके अलावा अन्य ग्रामीण इलाकों में भी यही स्थिति रही।