स्थानीय कस्बा स्थित कालीचौरा मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर जल निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से हो रहे जलभराव को लेकर दुकानदारों ने मंगलवार को सड़क पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को नहीं बदला गया तो चक्का जाम करेंगे।
दुकानदारों ने बताया कि पिछले दो महीना से कालीचौरा के पास जल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है। जिससे मुख्य सड़क पर दुकानों के सामने हमेशा जलभराव रहता है। जिससे ग्राहकों को दुकानों तक आने जाने के परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वाहनों के तेज रफ्तार मे गुजरने से लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि बार बार शिकायत के बाद भी जल निगम विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को नहीं बदला गया। इससे जलजमाव की समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे नाराज लगभग पचास दुकानदारों ने मंगलवार को सड़क पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे दुकानदार सहाबुद्दीन, राहुल, यशवंत सिंह, श्रीकिशुन, केदार यादव, लालचंद शर्मा, श्रीकिशुन शर्मा, रमेश गुप्ता, शिवचंद आदि का कहना है कि यहां के अलावा कस्बे में दर्जनों स्थानों पर जलनिगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हैं। इसकी शिकायत करने पर अधिकारी टाल देते हैं। इस संबंध में अवर अभियंता सतेन्द्र कौशल का कहना है कि विभाग के पास बजट नहीं है। जिससे क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है। जल जमाव को देखते हुए पानी की सप्लाई बंद कर दी गई थी लेकिन उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुन: आपूर्ति चालू कर दी गई जिससे जलभराव की समस्या हो गई है।