मधुबन कस्बा में स्थित एक लाउडस्पीकर की दूकान में बुधवार की रात किसी कारणवश आग लग गई। अगलगी की इस घटना में दूकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
दूकान के मालिक को घटना की जानकारी देर से हुई। उसका पूरा परिवार तीसरे मंजिल पर दरवाजा बंद करके सोया हुआ।
मधुबन कस्बे में पोस्ट आफिस के समीप जनता लाउडस्पीकर के नाम से सेराज की दूकान है।
बुधवार की रात सेराज अपनी दूकान बंद करके अपने पूरे परिवार के साथ तीसरे मंजिल पर सोने चला गया। रात में बिजली आने के बाद उसके दूकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई।
दुकान से धुआं उठने के बाद आसपास के लोगों ने मकान मालिक को आवाज दी लेकिन परिवार का कोई भी सदस्य रात में नहीं जगा। आस पास के लोगों ने दुकान का शटर तोड़कर आग पर काबू पाया।
इसके बाद परिवार के सदस्य जगे। आग से कंप्यूटर, एम्प्लीफायर, इनवर्टर, बैट्री, डीजे साउंड, इमरजेंसी लाइट, डीजे लाइट, तार सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आस पास के लोगों ने पास स्थित नाले के पानी से आग पर काबू पाया।