हीरनपुर गांव स्थित भोलानाथ इंटर कालेज के प्रबंधक से एक लाख की रंगदारी मांगने वाले मुख्तार अंसारी के शूटर अनुज कनौजिया की पत्नी रीना राय को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। रीना राय झारखंड प्रांत के राहरगवा बाड़ी गोड़ा थाना परशुडीह जनपद पूर्वीसिंह भूमि जमशेदपुर में अपनी ननद के पास रह रही थी। स्वाट टीम ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर पुलिस को जानकारी दी। एसओ चिरैयाकोट राजेश कुमार वर्मा उसे गिरफ्तार कर यहां ले आए। थाना क्षेत्र के ग्राम बहलोलपुर में स्थित भोलानाथ इंटर कालेज के प्रबंधक हंसनाथ यादव से सितंबर 2022 में अनुज कन्नौजिया ने अपनी पत्न्नी रीना राय के बैंक खाते में एक लाख रुपये रंगदारी भेजने को कहा था। ऐसा न करने पर उसे परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी थी। इसके पहले भी वह तीन बार में 30,000 रुपये ले चुका है। प्रबंधक ने अब और रुपये देने से इनकार किया था तो अनुज ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। जिस पर उसने पुलिस को न माल की सुरक्षा की तहरीर दी थी।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि अनुज कन्नौजिया की पत्न्नी रीना राय से बैंक पासबुक व अन्य आईडी ले ली गई है। पुलिस अनुज की सरगर्मी से तलाश कर रही है।