आदर्श विकलांग सेवा समिति के तत्वावधान में कस्बा स्थित खेल के मैदान मेें शुक्रवार को दहेज रहित आदर्श विवाह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नौ जोड़े शादी के पवित्र बंधन में बंधे और आजीवन साथ निभाने का प्रण लिया। दहेज रहित विवाह में मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, बलिया सहित विभिन्न जनपदों से नौ जोड़े शामिल हुए।
वैवाहिक कार्यक्रम विधि विधान से हुआ। इस अवसर पर दरगाह की पूजा की शादी सिपाह के अजय कुमार से, खीरीकोठा के दिग्विजय की शादी सरायसादी की जानकी से,
कटघरा के रामचंदर की शादी कोपागंज के रसूलपुर की पूजा से हुई। इसी क्रम में सिकरी की ममता की शादी बलिया के आरीपुर सरया की रविंद्र से, लघुवाई की रेनू की शादी गोरखपुर के श्रवण कुमार से हुई। शादी का कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा।
महिलाओं ने मंगलगीत गाया। साथ ही वैवाहिक कार्यक्रम में आए गणमान्य लोगों ने वर वधु को उपहार दिया। इस मौके पर आयोजक श्याम आशीष चौहान ने कहा कि समाज में दहेज अभिशाप बनकर उभर रहा है।
दहेज रहित विवाह का आयोजन कर हम दहेज रूपी कुप्रथा पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर डा. संजय वर्मा, सुदामा चौहान, जैनेंद्र प्रसाद आदि शामिल थे।