स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के बीबीपुर गांव के सीवान में स्थित बिजली के तार से निकली चिंगारी से सात किसानों के लगभग सात बीघे गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।जानकारी होने पर फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे परंतु वाहन इतना खराब था कि उसे मौके पर पहुंचने के लिए लोगों द्वारा धक्के लगाने पड़े। बीबीपुर गांव एवं दोहरीघाट ब्लाक की सीमा पर शीतलपुर गांव के सीवान में बुधवार को बिजली के तार से निकली चिंगारी की चपेट में आने से सुरेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह, मंगरु, मोहिउद्दीन, मजीद, वजीर, राजबहादुर आदि के खेतों में गेहूं की फसल पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दिया ।परंतु जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। इसके अलावा फायर ब्रिगेड का वाहन घटना स्थल पर पहुंचने से पूर्व ही बंद हो गया। लोगों ने धक्का देकर उसे मौके पर पहुंचाया। इस घटना के बाद सूचना पर विद्युत विभाग के साथ साथ पुलिस एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी पहुंच कर क्षति का आंकलन कर रहे हैं।