जिले के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को वैवाहिक स्थिति और विवाहित होने की दशा में उनके विवाह की तिथि, माह व वर्ष मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट करना होगा। इसके साथ ही गंभीर रोग से ग्रसित होने पर उसका भी अपडेशन पोर्टल पर किया जाएगा। डाटा अपडेट करने के लिए 10 अगस्त तक का समय दिया गया है। लेकिन सर्वर डाउन रहने से समस्या आ रही है।
जिले के 1208 परिषदीय विद्यालयों में लगभग पांच हजार शिक्षक तैनात हैं।
शैक्षिक सत्र 2022-23 में परिषदीय शिक्षकों के जिले के अंदर स्थानांतरण व समायोजन की नीति जारी हुई है। इसको देखते हुए मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों से संबंधित समस्त विवरण को अपडेट करने का निर्देश शासन की तरफ से जारी किया गया है। नई व्यवस्था के तहत शिक्षकों को वैवाहिक स्थिति तथा विवाहित होने की दशा में उनके विवाह की तिथि, माह व वर्ष को मानव संपदा पोर्टल पर अंकित किया जाएगा। असाध्य या गंभीर रोग से ग्रसित होने पर चिकित्सा प्रमाणपत्र के साथ पोर्टल पर अपडेशन किया जाएगा। विवरण अपडेट किए जाने के लिए 10 अगस्त तक का समय दिया गया है। लेकिन सर्वर डाउन होने से डाटा अपडेट करने में समस्या आ रही है। मानव संपदा पोर्टल पर अंकित डेटा के त्रुटि रहित होने संबंधी प्रमाणपत्र भी मांगा गया हैं। इस बाबत
जिला समन्वयक एमआईएस अवधेश कुहमार का कहना था कि मानव संपदा पोर्टल के अपडेशन की प्रक्रिया चल रही है। सभी विकास खंडों पर त्रुटिरहित डेटा अपडेशन का काम चल रहा है। कभी-कभी सर्वर डाउन होने से समस्या आ जा रही है।