जनपद के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। लोगों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराए जाने की अपील की गई। खास कर युवतियों से छात्राओं ने अपील करते हुए नाम दर्ज कराने के लिए कहा।
मधुबन तहसील क्षेत्र के कस्बा में मतदाताओं को जागरूक करने के लिये सोमवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को एसडीएम दयाशंकर पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहीद अछैवर मल महाविद्यालय से खीरीकोठा होते हुए पूरे बाजार में भ्रमण करते हुए पुन: विद्यालय पर समाप्त हुई।
रैली में विद्यालय की छात्राओं के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ती व सेविका भी शामिल थी। जागरूकता के लिये लड़कियों द्वारा अपने अधिकार पहचानें मतदाता कार्ड बनवाए आदि नारा लगाया जा रहा था। इस अवसर पर एसडीएम दया शंकर पाठक ने कहा कि यह अभियान सामान्य निर्वाचन के लिए मतदाता सूची में नाम बढ़ाने एवं उसे दुुरुस्त करने के लिए 22 दिसंबर तक चलेगा।
इसमें बीएलओ घर घर जाकर मतदाता फार्म भरेंगे और मतदाता सूची में नाम बढ़ायेंगे। इस अवसर पर तहसीलदार रामभेज के अलावा प्राचार्य सुनीता सिंह आदि शामिल थे। फतहपुर मंडाव संवाददाता के अनुसार विकास खंड क्षेत्र के शहीद अछैवर मल्ल महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने सोमवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाला।
छात्राओं ने आस पास के गांवों में प्रभात फेरी निकाल कर लोक तंत्र के इस महापर्व मे सहभाग करने के लिए लोगों को जागरूक किया। इस जागरूकता रैली को उपजिलाधिकारी दयाशंकर पाठक ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। एसडीएम ने कहाकि मताधिकार देश की नींव को तैयार करता है।
किसी भी व्यक्ति को इससे उदासीन नहीं रहना चाहिए। इस अवसर पर छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। महा विद्यालय के प्रबन्धक धीरेन्द्र मल्ल ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की सलाह दी। हीरा लाल ह्रदय नारायण सुमन ओमप्रकाश सुनीता सिंह सहित कई उपस्थित रहे |