घोसी। क्षेत्र के सोनाडीह गांव स्थित अमरजीत सिंह महिला पीजी कालेज के सभागार में बृहस्पतिवार को मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत महिला अधिकारियों ने संवाद कर बालिकाओं को आत्मरक्षा के टिप्स बताए।
विधि परिवीक्षा अधिकारी रेनू पांडेय ने बालिकाओं के बीच संवाद कर उनको महिला हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के साथ अन्य हेल्पलाइनों के विषय में बताया। उन्होंने घर से निकलते समय सतर्क रहने और यात्रा के समय गुड टच और बैड टच के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थति आने पर डरें नहीं, अपितु साहस के साथ उसका प्रतिकार करें। कहा कि अपने माता पिता से प्यार करें। आप का लक्ष्य शिक्षा प्राप्त कर तरक्की करना होना चाहिए। कहा कि कोई भी ऐसा कार्य न करे जिससे आपके परिवार के साथ अन्य को परेशानी न हो।पास्को एक्ट के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि यह बहुत ही कड़ा कानून है,इसका सदुपयोग होना चाहिए।लड़को से भी अपील किया कि वे अपनी बहनों के साथ अन्य लड़कियों को भी बहन मानते हुए उन्हीं की तरह रक्षा करें। घर आये दूर के रिश्तेदारों के साथ घर आने वाले गांव के युवकों पर सतर्क निगाह रखें।
उपनिरीक्षक विंध्यवासिनी पांडेय ने कहा कि आप अपने को पहचानने। आप के अंदर बहुत ही प्रतिभा और साहस है। घर से विद्यालय या कहीं जाते समय जागरूक रहें। समस्या आने पर डटकर मुकाबला करें। कमजोर न पड़ें। अपने बैग में पिन, छोटा सा नुकीला सामान, पेन जरूर रखे। आप के पास बैठने वाले की हरकत पर सतर्क निगाह रखें। अगर लगे कि कोई गलत हरकत हो रही है तो उसका विरोध करें।इतना शोर मचायें कि वह घबड़ा कर भाग जाय।अपनी समस्या को हेल्पलाइन से बताने में संकोच न करें। कहा कि लडकियों का एक गलत निर्णय कइयों को परेशानी में डाल सकता है। इस दौरान मुलायम यादव, जिला समन्वयक कृतिका राय, राखी राय, सुनीता सिंह, मनोज कुमार, अभिषेक मिश्रा, मनीष कुमार, रमेश कुमार, सुनील यादव व प्रशांत मौजूद रहे।