रामपुर थाना क्षेत्र के डुमरी मर्यादपुर मारूफपुर के पास मंगलवार की दोपहर एक बाइक सामने से आ रही तेज गति की कार से बचने के प्रयास में बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। इस दौरान बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर आ गिरे। इस बीच सामने से आ रही दूसरी कार एक युवक को बुरी तरह से रौंदते हुए चली गई। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ दोनों घायलों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
मृतक की पहचान रामपुर थाना क्षेत्र के कंधरापुर गांव निवासी अमरजीत 22 पुत्र प्रेमचंद्र के रूप में हुई। अमरजीत गांव के ही अपने दो साथी सुदीप कुमार 22, दीपू 18 के साथ बाइक से मर्यादपुर बाजार में एक दुकानदार को खाना देने गया था। वहां से वह वापस लौट रहा था, जहां अभी वह डुमरी मर्यादपुर मारूफपुर के पास गांधी इंटर कॉलेज के पास पहुंचा था। इस दौरान बेल्थरारोड की तरफ से तेज गति से आ रही कार को एकदम करीब देखकर अमरजीत ने बाइक को रोकना चाहा, लेकिन तेज गति होने से बाइक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। इससे अमरजीत सड़क के बीचोबीच आ गिरा, वहीं उसके दोनों साथी सड़क की दूसरी तरफ गिर गए। इस बीच कार चालक ने ब्रेक लगाकर वाहन तो रोक लिया था, लेकिन पीछे से आ रही एक अन्य कार अमरजीत को रौंदते हुए मधुबन की तरफ निकल गई। सूचना मिलने पर पहुंची रामपुर पुलिस तीनों युवक को फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने अमरजीत को मृत घोषित कर दिया। मृतक अमरजीत किसी प्राइवेट कंपनी में मुंबई में काम करता था, पांच दिन पहले ही मुंबई से लौटा था। वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था, एक भाई और दो बहनों की शादी हो चुकी है। परिजन अब अमरजीत की शादी को लेकर तैयारी में थे, लेकिन नवरात्र के पहले दिन ही इस क्रूर हादसे ने अमरजीत को असमय काल का शिकार बना दिया।