देश में गणतंत्र दिवस पर हाईअलर्ट है। नगर में भी गणतंत्र दिवस पर पुलिस परेडस्थल पुलिस लाइन में रविवार को कड़ी सुरक्षा देखी गई। पुलिस लाइन के चारों तरफ बाउंड्रीवाल के पास बुलेट प्रूफ जैकेट में पुलिसकर्मी तैनात रहे। सुरक्षा के बाबत खुद आईजी जोन वाराणसी एसके भगत ने फोन पर एसपी से सुरक्षा के बाबत जानकारी ली। साथ ही जिले में सर्च आपरेशन चलाने का निर्देश दिया।
पुलिस लाइन ग्राउंड में रविवार को गणतंत्र दिवस की परेड का पूर्वाभ्यास हुआ। इसमें एसपी शिवप्रसाद उपाध्याय ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद परेड शुरू हुई। उन्होंने परेड की सलामी ली। परेड में पुलिसकर्मियों के कदमताल को देखकर हर कोई अपने आपको ताली बजाने से नहीं रोक सका।
परेड के दौरान कई टोलियों में पुरुष और महिला पुलिस कर्मियों के साथ एनसीसी कैडेटे ने परेड में भाग लिया। परेड की कमांड सीओ सिटी सुशील कुमार ने की। फायरिंग कर ध्वज को सलामी दी गई। परेड के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी रिहर्सल हुआ।
इसमें लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल, देव पब्लिक स्कूल, अमरवाणी, ब्राइट कान्वेंट एवं रमन सैनिक स्कूल, सिटी मांटेसरी, राजीव गांधी गर्ल्स इंटर कालेज, कल्पनाथ राय इंटरनेशनल स्कूल, पब्लिक महिला सहर डिग्री कालेज और जीनियस माइंड पावर इंस्टीट्यूट के बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एसपी शिवप्रसाद उपाध्याय ने कुछ सुधार की बात कही। इधर आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर 26 जनवरी के परेड के वक्त कड़े सुरक्षा इंतजाम का भी रिहर्सल हुआ। 26 जनवरी को परेड स्थल पर गजब का सुरक्षा घेरा रहेगा। अत्याधनिक असलहों से तैनात सुरक्षा जवानों का बाउंड्री वाल के हर दस कदम पर चहलकदमी रहेगी।