स्थानीय तहसील क्षेत्र के रानीपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कमालसेनपुर में अनियमितताएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। हर दिन एक नई कहानी सामने आ रही है। ग्राम प्रधान का वित्तीय अधिकार सीज होने की बात दर्शाकर सचिव ने करीब छह माह पहले ग्राम पंचायत के अलग अलग खातों से 20 लाख रुपये निकाल लिए। दो तीन माह बाद इस बात की भनक लगने पर प्रधान ने 29 जून को जिलाधिकारी के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी रामबाबू त्रिपाठी ने खंड विकास अधिकारी रानीपुर से जांच रिपोर्ट मांगी है। हालांकि बीते दिनों ही जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान रविंद्र प्रसाद की अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र निरस्त कर उनके प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों पर रोक लगा दी है। प्रधान की बिना जानकारी के सचिव ने ग्राम पंचायत के अलग अलग खातों से 20 लाख रुपए कई फर्मों को भुगतान कर दिया। दो तीन माह बाद निवर्तमान प्रधान रविंद्र प्रसाद को जानकारी हुई तो जिलाधिकारी के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए सचिव को ग्राम पंचायत से हटाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इस बाबत जिला पंचायत राज अधिकारी रामबाबू त्रिपाठी ने बताया कि खंड विकास अधिकारी रानीपुर से जांच रिपोर्ट मांगी गई है।