मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में जनपद के समस्त बोर्डों के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो के साथ बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें एक जुलाई से स्कूलों को खोले जाने की तैयारियों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्यो को निर्देश दिया कि वह प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए अभिभावकों को जागरूक करें। नामांकन करने के साथ ही छात्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत कराई जाए। प्रधानाचार्यो को कहा कि ग्रीष्मावकाश के बाद एक जुलाई से विद्यालय खुलने वाले हैं, ऐसे में विद्यालय परिसरों की विधिवत साफ सफाई 30 जून तक करा ली जाए। पुस्तकालय को क्रियाशील करें तथा अनुभवी शिक्षक को उसका प्रभारी बनाएं। विद्यालय समय के उपरांत कम से कम एक घंटा कमजोर बच्चों की पढ़ाई के लिए दें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ ही विभिन्न बोर्डों के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।