कोपागंज नगर पंचायत कोपागंज में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत दूसरी किस्त की धनराशि न मिलने से लाभार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बरसात का मौसम नजदीक आते ही परिवारों में चिंता और भय का माहौल है।
परेशान लोगों ने आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन आश्वासन के सिवाय कोई समाधान नहीं हो सका है। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत गत फरवरी माह में नगर पंचायत के लगभग 200 लाभार्थियों के खाते में प्रथम किस्त की धनराशि भेजी गई थी।
पहली किस्त मिलने के बाद लाभार्थी परिवारों ने अपने पुराने कच्चे मकान, मड़ई और टिन शेड आदि हटाकर नए घरों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी दूसरी किस्त जारी नहीं हो सकी है। धनराशि के अभाव में मकानों का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
कई परिवार अस्थायी व्यवस्था में रहने को मजबूर हैं। यदि समय रहते दूसरी किस्त जारी नहीं हुई तो बरसात के दौरान परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
लाभार्थी तारा देवी, प्रदीप मौर्य, अनिल, कोपा कोहना पूर्वी निवासी रामनाथ और बादामी देवी का कहना था कि अभी तक दूसरी किस्त जारी नहीं हुई है, जिससे मकान निर्माण कार्य प्रभावित है। नगर पंचायत कार्यालय में शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन अभी तक खाते में दूसरी किस्त की धनराशि नहीं पहुंची है। यही स्थिति रही तो बरसात के मौसम में दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
इस संबंध में नगर पंचायत कोपागंज के अधिशासी अधिकारी डॉ. छोटेलाल तिवारी ने बताया कि दूसरी किस्त जारी कराने के लिए पत्राचार किया गया है।