मुहम्मदाबाद गोहना/वलीदपुर। पुलिस को 48 घंटे में दूसरी बड़ी सफलता मिली। मंगलवार की भोर में मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में बैंक लूट के चार आरोपी पकड़े गए। इससे पहले सोमवार तड़के दो पशु तस्करों को पुलिस ने पकड़ा था।
30 मिनट की मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, भाग रहे तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया बदमाश एक बैंक के लघु शाखा से लूट का आरोपी है। उस पर पहले से ही कई मुकदमे चल रहे हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो तमंचे और कारतूस के साथ लूट के 17,150 रुपये और दो बाइक जब्त की की।
एसपी इलामारन जी ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के लघु बैंक से लूट के चार आरोपी घटना के बाद भागने की फिराक में थे। मुखबिर से सूचना मिली कि चारों आरोपी दो बाइक से लग्गुपुर के पास सौसरवां भैसंहा होते हुए भुजही की तरफ से जाने वाले हैं। पुलिस टीम वहां पहले ही पहुंच गई और उनके आने का इंतजार करने लगी। इस बीच भोर में तीन बजकर 6 मिनिट पर दो बाइक आती दिखी। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस टीम को अचानक देखकर आरोपी बाइक को मोड़कर भागने लगे, चारों तरफ से पुलिस की घेराबंदी देखकर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। बदमाशों की गोलीबारी में प्रभारी निरीक्षक और उप निरीक्षक सुरजीत सिंह बाल बाल बचे। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस गोलीबारी में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, वहीं तीन बदमाशों ने खुद को घिरा देखकर भागने लगे, पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इन्सेट
चारों आरोपियों में से तीन मऊ के और एक गाजीपुर का रहने वाला
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि गोली लगने से घायल बदमाश और उसके दो साथी एक थाना क्षेत्र के अलग अलग गांव के रहने वाले हैं। इसमें मुख्य आरोपी कोटवा निवासी राजन यादव, बढ़ुआ गोदाम निवासी नवनीत सिंह उर्फ अर्पित और पिपरी मडैया निवासी सर्वेश यादव के अलावा चौथे की पहचान गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के आदर्श सिंह के रूप में हुई। घायल बदमाश का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
................
बाल अपचारी से मिला बदमाशों का इनपुट
मुहम्मदाबाद गोहना। एसपी ने बताया कि लूट की घटना के बाद पुलिस ने सोमवार देर शाम बाल अपचारी को हिरासत में लिया। उसने ही इन बदमाशों की जानकारी दी। उसके पास से 2150 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया लूट के बाद उसे पांच हजार रुपदे मिले थे, इसमें से उसके पास 2150 ही बचे हैं। बाकी रुपये खर्च कर दिए गए।
...................
गिरफ्तार राजन सबसे खतरनाक, सबसे ज्यादा दर्ज है केस
मुठभेड़ में घायल राजन यादव की उम्र भले ही 22 वर्ष है। लेकिन उस पर 10 से ज्यादा केस दर्ज है। इसमें गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना में पांच, गाजीपुर शहर कोतवाली में दो और मऊ के शहर कोतवाली में सात और मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में एक मामला दर्ज है। सर्वेश पर दो और सुरेश पर पांच और आदर्श पर चार केस दर्ज किए गए है। इन आरोपियों की उम्र 20 से 26 वर्ष के अंदर है।
....................
सोमवार को दो पशु तस्कर हुए थे गिरफ्तार
जिले की चिरैयाकोट पुलिस ने सोमवार की भोर में हुई मुठभेड़ में दो पशु तस्कर को गिरफ्तार किया था। इसमें एक पशु तस्कर पर कई मुकदमे दर्ज हैं। उसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस को उसकी तलाश थी।