मधुबन। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार तिवारी ने बृहस्पतिवार को तहसील क्षेत्र के तीन प्राथमिक एवं एक कम्पोजिट विद्यालयों का निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं से प्रश्न पूछ पढ़ाई के स्तर की जांच की। कम्पोजिट विद्यालय पांती के कुछ छात्रों के सटीक और त्वरित उत्तर देने से प्रसन्न एसडीएम ने प्रशंसा की। कुछ छात्रों के संतोषजनक उत्तर नहीं देने पर पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की सीख दी।
प्राथमिक विद्यालय छपरा, प्राथमिक विद्यालय उसुरी भाग एक एवं भाग दो, कम्पोजिट विद्यालय पांती का निरीक्षण करते हुए एसडीएम ने इन किचन को भी देखा और बेहतर सफाई की नसीहत दी। कई विद्यालयों में सफाई की बेहतर व्यवस्था देख नाराजगी जतायी।
उन्होंने अध्यापकों से कहा कि पठन-पाठन की गुणवत्ता बेहतर बनाये। कहा कि प्राथमिक विद्यालय छात्र जीवन की पहली पाठशाला है। विद्यालयों पर इन्हें जिस प्रकार का वातावरण मिलेगा, उसी से उनका मार्गदर्शन होगा। एसडीएम ने अध्यापकों से छात्रों के सामान्य ज्ञान एवं करेंट अफेयर्स से जुड़ी जानकारियों से अपडेट करते रहने की नसीहत दी। इस दौरान साथ में बीईओ सुनील कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।