उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 116 के तहत चल रहे परमानंद बनाम पारसनाथ वाद के निस्तारण के लिए बुधवार को एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने कलाफनपुर गांव में स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित भूमि की स्थिति का जायजा लिया और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने लेखपाल से मौके की स्थिति और राजस्व अभिलेखों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अभिलेखों में दर्ज तथ्यों का मौके की स्थिति से मिलान कर संबंधित बिंदुओं की जांच की। लेखपाल ने प्रकरण से जुड़े अभिलेख भी प्रस्तुत किए। एसडीएम ने संबंधित राजस्व कर्मियों को सभी तथ्यों और अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाद का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग के संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।