मऊ। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षक संगठनों ने मंगलवार को प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों को विलय करने के विरोध में मुख्यमंत्री को संबोधित अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने कहा कि विलय गरीब बच्चों और अभिभावकों के हितों पर कुठाराघात है। शासन द्वारा शिक्षा का निजीकरण करने का प्रयास किया जा रहा है, जो संविधान के जनकल्याणकारी राज्य की नीति के विपरीत है।
सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मुख लाल यादव, मंत्री जनार्दन सिंह ने कहा कि शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संगठन संघर्ष करता रहेगा। विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने शिक्षकों को संबोधित किया। अंत में विद्यालय मर्जर के विरोध सहित, पुरानी पेंशन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाध्यापक की नियुक्ति, द्वितीय शनिवार अवकाश, अध्ययन अवकाश, 10 लाख की जीवन बीमा सहित मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्री ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन देने वालों राशिद जमाल, प्रदीप राय, रामकेर यादव, घनश्याम यादव, अजय राय, दिनेश कुमार, ममता शर्मा, सुमन राय, ममता देवी, सिद्धनाथ प्रसाद, रजनीश पाण्डेय, सरफराज अहमद आदि शिक्षक उपस्थित थे।
सरकारी स्कूलों को मर्ज करने पर आप कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मऊ। स्कूल बचाओ अभियान में प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों को मर्ज करने के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लुदुही घोसी स्थित प्राथमिक विद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने कहा कि योगी सरकार बड़ी मात्रा में विद्यालय बंद कर रही है, लेकिन पार्टी के प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने के लिए कहा है। प्रदर्शन करने वालों में एके सहाय, वकील रावत, संजय कुमार, मुहम्मद असलम, जयचंद कुमार, लीलावती आदि शामिल थे।