मऊ। नगर सहित जिले के माध्यमिक और परिषदीय विद्यालय मंगलवार से खुलेंगे। स्कूल पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और फूल बरसा कर स्वागत किया जाएगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है।
जिले में 519 माध्यमिक विद्यालय और 1208 परिषदीय विद्यालय हैं। मंगलवार स्कूल पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं का गेट पर ही तिलक लगाकर फूल बरसाते हुए शिक्षक विद्यालय में प्रवेश कराएंगे। कक्षाओं में रुचिकर गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। विद्यालयों में शिक्षक साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को पूरा कराने में लगे रहे। स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक घर-घर जाकर संपर्क करके बच्चों का नामांकन कराएंगे। ड्रॉपआउट और आउट ऑफ स्कूल बच्चों की सूची बनाकर उनके अभिभावकों से संपर्क कर उनकी काउंसिलिंग करेंगे। इस बाबत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारियाें को दिशा निर्देश जारी किया गया है।