मऊ। जिले के परिषदीय विद्यालयों में नए सिरे से विद्यालय प्रबंध समितियों का गठन किया जाएगा। स्कूलों की विद्यालय प्रबंध समिति का चुनाव नोडल अधिकारियों की देखरेख में होगा। बीएसए ने दिसंबर माह के पहले हफ्ते तक स्कूलों में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन करने का आदेश जारी किया है।
जिले में 1060 प्राथमिक तथा 442 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के लिए निशुल्क ड्रेस, स्वेटर, निशुल्क पाठ्यपुस्तक, मिड-डे-मिल सहित तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित होती है। शासन की तरफ से योजनाओं पर नजर रखने के लिए विद्यालयों में संचालित प्रबंध समितियों को सक्रिय करने के लिए नए सिरे से समिति का गठन किया जाएगा। शासन के निर्देश पर अब दो साल के लिए विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया जाना है।
विद्यालय प्रबंध समिति का गठन दिसंबर माह के पहले हफ्ते तक किया जाना है। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारी, शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिनकी देखरेख में विद्यालय प्रबंध समिति का चुनाव होगा। विद्यालय प्रबंध समिति को स्कूलों में सक्रिय करने के लिए अभिभावकों को बुलाकर उनका गठन किया जाएगा। स्कूलों में बनी विद्यालय प्रबंध समितियों को स्कूलों के रख रखाव, सुंदरीकरण बच्चों के नामांकन बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को ठीक से संचालित कराने के लिए प्रत्येक महीने स्कूलों में विद्यालय प्रबंध समितियों का बैठक आयोजित की जाती है।
अब शासन के निर्देश पर नए सिरे से गठन किया जाना है। बीएसए ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों में समितियों का गठन कराने का फरमान जारी किया है। इस बाबत जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता बृजबिहारी पांडेय का कहना है कि समस्त विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति गठित करने के लिए समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है।