नगर पालिका कार्यालय में ईपीएफ के पैसे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझाते पुलि?
- फोटो : MAU
मऊ। नगर पालिका परिषद कार्यालय में बुधवार को सफाई कर्मचारियों ने ईपीएफ का पैसा न दिए जाने को लेकर प्रदर्शन किया। नगर पालिका परिषद में संविदा और आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने दो सूत्रीय मांग पत्र पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को सौंपा। आरोप लगाया कि संविदा कर्मचारियों का 2011 से ईपीएफ का पैसा उन्हें नहीं दिया गया है। जबकि भविष्य निधि संगठन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी द्वारा पालिका के खाते से रुपये निकाले गए, लेकिन सफाई कर्मचारियों के खाते में जमा नहीं किया गया। इसके साथ ही आरोप लगाया कि आउट सोर्सिंग कर्मचारियों का ईपीएफ का पैसा ठीकेदार द्वारा जमा नहीं किया गया है। जिसे अविलंब जमा कराया जाए। जिस पर नगर पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने उन्हें बताया कि संविदा सफाई कर्मचारी के ईपीएफ भुगतान हेतु पालिका द्वारा अतिशीघ्र कर्मचारियों का पैसा उनके पीएफ खाते में जमा कराने का प्रयास किया जाएगा। समस्त कर्मचारियों की डाटा फिडिंग का कार्य चल रहा है। समस्त कार्यवाही पूरी कर ईपीएफ का भुगतान कर्मचारियों के खाते में कराया जाएगा।