कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा बाजार स्थित देशी शराब की दुकान में छिनैती की सूचना झूठी निकली। पुलिस ने सेल्समैन किशन सिंह हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया तो उसने पूरी बात बता दी।
सेल्समैन ने अपने ही तीन दोस्तों पर छिनैती का आरोप लगाया था और रुपये हड़पने की फिराक में था। रतनपुरा ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी सौरभ सिंह के पिता रामेश्वर सिंह के नाम से इंदारा बाजार में देशी शराब की दुकान संचालित है।
सेल्समैन किशन ने सुबह आरोप लगाया कि रात 11:30 बजे तीन लोग शराब लेने आए और मारपीट कर 56,230 रुपये छीनकर भाग गए। सूचना पर पुलिस ने परेशान रही।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सेल्समैन और तीन लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में किशन सिंह ने बताया कि लालच में आकर रुपये हड़पने की नीयत से उसने छिनैती की झूठी सूचना दी थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि सेल्समैन ने बताया कि नशे में उसने छिनैती की कहानी गढ़ी थी। दुकान मालिक की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।