मऊ। डीएम आनंद वर्धन की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार देर शाम कैंप कार्यालय में जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक हुई। संभव अभियान समेत विभिन्न पोषण कार्यक्रमों की खराब प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि तीन माह के औसत में खराब प्रदर्शन करने वाले विकासखंडों के बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) का वेतन रोका जाएगा।
अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी को खराब प्रदर्शन करने वाले सीडीपीओ को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजने को कहा।
चौथी प्रसव पूर्व जांच में दोहरीघाट में 54.85 प्रतिशत और रतनपुरा में 57.50 प्रतिशत प्रगति मिली। इस पर दोनों सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। टीएचआर (टेक होम राशन) वितरण में लापरवाही पर भी डीएम ने नाराजगी जताई।
मई में 46 और जून में 545 आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीएचआर वितरण नहीं होने की जानकारी निदेशालय को उपलब्ध कराने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान वितरण लंबित मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। संवाद