मऊ। जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से नवंबर माह की जारी रैंकिंग में खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के 13 अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम अरुण कुमार ने बताया कि प्रतिमाह कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों का मूल्यांकन, अनुश्रवण एवं समीक्षा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से प्राप्त रैंकिंग के आधार पर की जाती है।
सितंबर एवं अक्टूबर माह की समीक्षा बैठक के दौरान खराब प्रदर्शन करने वाले विभाग के अधिकारियों को जिलाधिकारी ने अपने कार्य व्यवहार में सुधार लाने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी ने ऐसे विभाग जिन्होंने विकास कार्यों में ए श्रेणी से नीचे की श्रेणी प्राप्त की है, उन सभी विभाग के अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश जारी किए। इसमें महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रभागीय वन निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड, प्राचार्य आईटीआई, सहायक श्रम आयुक्त, समाज कल्याण अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता सिंचाई शामिल हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं में जब तक ए श्रेणी प्राप्त न हो,तब तक वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।