मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी पीएसी दीवान की अंबेडकर नगर के बसखारी थाना क्षेत्र में मौत के बाद बुधवार को शव को पैतृक गांव कोठिया लाया गया। इस दौरान वहां सभी की आंखें नम हो गई। पीएसी जवानो ने जब शव को नीचे उतारा तो मृतक के परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। सभी लोगों के जुबान पर एक ही सवाल था कि आखिर पीएसी जवान रामानन्द ने किन परिस्थितियों के चलते आत्महत्या जैसा कदम उठाया है।
बताते चले रामानंद पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। जबकि अन्य चार भाईयों का भरा पूरा परिवार है। रामानंद का परिवार गॉव में सम्पन्न परिवारों में शुमार है। एक भाई रामबली पूर्व में ग्राम प्रधान भी रह चुके हैं। रामानंद के आत्महत्या करने की सूचना पर गॉव के किसी भी व्यक्ति को भरोसा नहीं हो रहा था। पीएसी जवान रामानंद की दो शादी हुई थी। पहली पत्नी की मौत हो चुकी है और उससे एक मात्र लड़की है जिसकी शादी हो चुकी है।
दूसरी पत्नी से चार लड़कियां और एक लड़का है। एक मात्र पुत्र आशुतोष और एक पुत्री की भी शादी हो चुकी है जबकि अभी तीन लड़कियों की शादी नहीं हुई है। परिवार के एक मात्र कमाऊ सदस्य की असामयिक मौत के बाद ग्रामीण परिवार के सामने आने वाले संकट की चर्चा कर गमगीन देखे गए। सभी के जुबान पर बस एक ही सवाल है कि अभी तीन अविवाहित पुत्रियों की शादी की जिम्मेदारी अब कौन उठाएगा। मृतक की पत्नी माला देवी का रो रो कर बुरा हाल था। चर्चा में पता चला कि रामानंद का स्वास्थ्य कुछ दिनों से खराब चल रहा था। उनके आंखों की रोशनी कम हो गई थी, इसके अलावा शुगर और ब्लड प्रेशर आदि बीमारी से ग्रसित हो गए थे। अंतिम संस्कार से पहले पीएसी के जवानों ने उन्हें सलामी दिया।