आगामी त्योहारों और चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक शनिवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बकवल नगर पालिका कम्यूनिटी हाल में हुई। जिलाधिकारी ने जनता से आह्वान किया कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाए, यदि ऐसा कोई तथ्य सामने आता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की सतर्क नजर है। यदि कोई गड़बड़ी करेगा तो उससे प्रशासन सख्ती से निपटेगा। सभी प्रमुख चौराहों पर सीसी कैमरे लगाए जा रहे हैं। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक शिवप्रसाद उपाध्याय ने कहा कि लोग त्योहारों के दौरान जिले में अमन-चैन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कोई अफवाह सुनाई दे तो तुरंत निकट के थाने या चौकी को सूचित करें।
अपर पुुलिस अधीक्षक सुनील सिंह ने कहा कि जहां चाह वहां राह, यदि लोग शांति पूर्वक त्योहार मनाना चाहते हैं तो निश्चित रूप से प्रशासन उसमें पूरी तरह से तत्पर है। अपर जिलाधिकारी समीर वर्मा ने विस्तार से लोगों को त्योहार एवं उसके विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। नगर मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय ने सभी सदस्यों से त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी, अरशद जमाल, भरतलाल राही, विजय राजभर, मौलवी ओबैदुल्ला, मकसूद, कामरेड इम्तियाज, जहीर सेराज, मौलवी इस्तखार, मुफ्ती अनवर अली, हरिद्वार राय आदि लोगों ने विचार व्यक्त किया। सभी क्षेत्राधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, नगर पालिका अधिकारी एवं जनपद के ताजिया कमेटी एवं रामलीला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।