मऊ। नगर के नसोपुर स्थित बटलर क्रिकेट ग्राउंड में मंगलवार की शाम खेले गए मुकाबले में एनरिच क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतीक क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। जीत के नायक रुद्रांश सोमवंशी रहे, जिन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैदान पर चौकों और छक्कों की बरसात कर दी।
मैच में प्रतीक क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की ओर से रोहित ने 37 रन और अंश ने 39 रनों की उपयोगी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के योगदान से प्रतीक क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 163 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनरिच क्रिकेट क्लब की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम का पहला विकेट जल्दी गिर गया। इसके बाद रुद्रांश ने कमान संभाली और पूरे मैच का रुख ही बदल दिया। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाए। रुद्रांश ने महज 40 गेंदों में 130 रनों की तूफानी व विस्फोटक पारी खेली और अंत तक नाबाद (नॉट आउट) रहे। उनकी इस आतिशी पारी में 14 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। शानदार व मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए रुद्रांश को ''''''''प्लेयर ऑफ द मैच'''''''' और ''''''''बेस्ट बैटर'''''''' चुना गया।