मऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के क्रम में जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने नगर पालिका कम्यूनिटी हाल में समस्त सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और समस्त केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक लिया। डीएम प्रकाश बिंदु ने कहा कि सरकार के मंशा के अनुरूप नकल विहिन परीक्षा सम्पन्न कराना आप सबकी जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस फोर्स पर्याप्त है। परीक्षा केंद्रों पर समस्त सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सचल दल के साथ पुलिस फोर्स राउंड में भी रहेगी। किसी भी नकल माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। जिला विद्यायल निरीक्षक डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगी। प्रत्येक कक्ष में 25 संख्या से कम परीक्षार्थी आवंटित न किये जाएं। 40 परीक्षार्थी पर दो कक्ष निरीक्षक और 40 से अधिक संख्या पर तीन कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगें। परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व ही यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि प्रत्येक दिन कितने कक्ष में परीक्षा संचालित होगी। उसी के अनुरूप कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगा लें। कक्ष निरीक्षकों को यह निर्देश दिया कि यदि उसके कक्ष में नकल पायी जाती है तो विशेष रूप से वे उत्तरदायी होंगे। साथ ही उनके विरुद्ध उप्र सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम-1998 के तहत कार्यवाही हो सकती है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कुमार हर्ष, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, बंदोवस्त अधिकारी चकबंदी, समाज कल्याण अधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला विकास अधिकारी सहित जनपद के समस्त विद्यालयों के अध्यापक उपस्थित रहे।