मऊ। जिला मुख्यालय पर जल्द ही रोडवेज का खुद का गेस्ट हाउस होगा। इसके लिए मऊ डिपो परिसर में खाली जमीन को चिह्नित करके मुख्यालय भेजा गया है। बजट आवंटित होने के बाद टेंडर होगा, फिर निर्माण शुरू होगा।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बृहस्पतिवार की शाम रोडवेज परिसर में पहुंचकर खाली पड़ी जमीन का निरीक्षण किया और जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। यह गेस्ट हाउस रोडवेज अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा। ठंड के समय रात तक काम करने वाले रोडवेज कर्मचारियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। देर होने पर वहां ठहरने की सुविधा होगी। एआरएम हरिशंकर पांडेय ने बताया कि गेस्ट हाउस के लिए 30x20 (600 वर्ग फीट) में बनेगा। मुख्यालय से आए अवर अभियंता ने जमीन चिह्नित कर नक्शा तैयार कर लिया है। बताया कि गेस्ट हाउस आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें वीआईपी स्टाफ के ठहरने के लिए डोरमेट्री का निर्माण भी कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर रोडवेज कर्मचारी भी यहां ठहर सकेंगे।