मऊ। मऊ रोडवेज डिपो के सामने सोमवार की सुबह निजी बस चालक द्वारा सवारी भरते देखकर रोडवेज चालक भड़क गए, विरोध-प्रदर्शन किया। विवाद की सूचना पाकर शहर कोतवाल और एआरटीओ मौके पर पहुंचे। निजी बस को सीज कर दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन के चलते जाम लग गया। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे नगर के बीचोंबीच स्थित रोडवेज डिपो परिसर के सामने एक निजी बस चालक बस खड़ी कर यात्रियों को बैठा रहा था। इस बात की जानकारी जब रोडवेज कर्मचारियों को हुई तो उन्होंने विरोध किया। इसके बाद रोडवेज कर्मचारियों व निजी बस चालक के बीच बहस होने लगी। देखते ही देखते मामला गरमा गया। जब इस बात की जानकारी वाहन स्वामी को हुई तो वह भी मौके पर पहुंच गया। सूचना पर पहुंचे एआरएम को भी निजी बस चालक ने धमकी दी।
रोडवेज के आक्रोशित कर्मचारियों ने निजी बस को रोडवेज परिसर में लाकर खड़ा कर दिया। रोडवेज बसों को सड़क के बीचोंबीच खड़ी कर सड़क को जाम कर दिया। वाहन को सीज करने के साथ-साथ करवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से दोनों तरफ आवाजाही बाधित हो गई। इसकी सूचना मिलते ही शहर कोतवाल शैलेष सिंह तथा एआरटीओ कहकशा खातून मौके पर पहुंचीं और मामला समाप्त कराया। साथ ही बस को सीज कर दिया।