कोपागंज थाना क्षेत्र के भदसा बाइपास फोरलेन पर बुधवार की सुबह एक रोडवेज बस को रुकवाकर दबंगों ने चालक-परिचालक से मारपीट की। इसका वीडियो भी वायरल कर दिया। पुलिस ने बस चालक की तहरीर पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार बस चालक अशोक कुमार ने बताया कि वह गाजीपुर डिपो में तैनात है। बुधवार की सुबह आठ बजे वह रोडवेज बस को लेकर गोरखपुर जा रहा था। अभी वह कोपागंज थाना क्षेत्र के भदसा बाइपास फोरलेन पर एक युवक बाइक लेकर बस के सामने खड़ा हो गया।
बस रुकते ही युवक ने चालक को बाहर बुलाया और ताबड़तोड़ थप्पड़ मारने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे बस कंडक्टर के साथ भी मारपीट की गई। बताया कि उसी दौरान पीछे से आ रहा एक ट्रेलर चालक भी वहां पहुंच गया और दोनों ने मिलकर चालक, परिचालक से हाथापाई की।
बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। कुछ यात्रियों ने मारपीट की घटना और आरोपी की बाइक का नंबर मोबाइल में रिकॉर्ड कर तत्काल पुलिस को भेज दिया।
बताया जा रहा है कि विवाद ट्रेलर से टक्कर लगने की आशंका में हुआ। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बस चालक अशोक कुमार ने थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष रविन्द्र नाथ राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्जकर मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।