मऊ। परिवहन निगम द्वारा पहली बार मऊ डिपो से बहराइच के लिए रोडवेज बस चलाई गई है। ये बस रोज सुबह आठ बजे मऊ बस स्टेशन से रवाना होकर आजमगढ़, अयोध्या, गोंडा होते हुए बहराइच भेजी जा रही है। वहीं बस दूसरे दिन सुबह वहां से रवाना होती है। इस रूट पर दो बसें लगाई गई हैं।
बस के चलने से अयोध्या जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिल रही है। मऊ जंक्शन से बहराइच के लिए कोई डायरेक्ट ट्रेन नहीं होने से राजस्व का लाभ रोडवेज को मिल रहा है। मऊ जनपद के निवासी ऐसे बहुत से पुलिसकर्मी हैं जिनकी तैनाती बहराइच में है। इसके अलावा अन्य सरकारी विभागों में भी लोग तैनात हैं। उन्हें अपने गृह जनपद मऊ आने के लिए गोंडा या लखनऊ से ट्रेन पकड़ना पड़ता था। सबसे नजदीक बहराइच से गोंडा की दूरी 64 किलोमीटर है, पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगता है।
यहां से मऊ के लिए प्रतिदिन कृषक एक्सप्रेस, और सप्ताह में एक दिन बुधवार को गोंडा आसनसोल एक्सप्रेस ट्रेन मिलती है। रोडवेज बस सुविधा अयोध्या और लखनऊ से ही मिलती है। इस संबंध में मऊ डिपो के एआरएम हरिशंकर पांडेय ने बताया कि बहराइच रूट पर मऊ से एक भी डायरेक्ट ट्रेन नहीं है। इस रूट पर मऊ डिपो की बसें भी नहीं थी। जबकि रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक है, इसका फायदा रोडवेज को मिल रहा है।