संवाद न्यूज एजेंसी
चिरैयाकोट। रानीपुर ब्लॉक क्षेत्र के जसड़ा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार शाम बदहाल सड़क को लेकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत नहीं होने पर आगामी चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना था कि करीब 12 वर्ष पहले बनी सड़क लंबे समय से जर्जर है। विभाग की ओर से नियमित रखरखाव और मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। बरसात के दिनों में जगह-जगह जलभराव होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। सड़क किनारे नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे घनी घास उग आई है, जिससे जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने का खतरा बना रहता है। उनका आरोप है कि करीब चार वर्ष से संबंधित विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। जसड़ा गांव से करीब दो किलोमीटर तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। गांव की नालियां भी जाम पड़ी हैं, जिससे घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है।
यह सड़क विसूनपुर, खिलवा, पचीस्ता, सेचुई बेलभद्र, अलीनगर और वनपुरवा समेत कई गांवों को जोड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।