घोसी। घोसी कोतवाली क्षेत्र के बीजपुरा गांव के समीप मंगलवार की सुबह 6.30 बजे बुलेट और हीरो मोटरसाइकिल की आमने सामने हुई टक्कर में बुलेट सवार दंपती सहित चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। सीएचसी घोसी लाते समय बुलेट सवार 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अन्य घायलों की हालत चिंताजनक देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। बुलेट सवार युवक और उसकी पत्नी हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक एआरटीओ आफिस हरदोई में लिपिक था। मधुबन थाने क्षेत्र के सरफोरा गांव निवासी विवेक यादव पुत्र केदारनाथ यादव अपने घर से दवा लेने के लिए अपनी पत्नी नीलम यादव के साथ बुलेट मुबारकपुर जा रहा था। वह जब घोसी कोतवाली क्षेत्र के बीजपुरा गांव के पास ही पहुंचा ही था कि सामने से परीक्षा देने जा रहे घोसी कोतवाली क्षेत्र के चंद्रापार निवासी नरेंद्र चौहान पुत्र सज्जन एवं भेलऊर चंगेरी निवासी शैंलेंद्र पुत्र संजीत चौहान की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गयी। इस घटना में बाइक सवार चारों युवक गंभीर रूप सधे घायल हो गये। आस पास के लोगों ने आनन फानन चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी में भर्ती कराया। वहाँ पर चिकित्सकों ने विवेक यादव को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक की माँ कौशल्या देवी की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज लिया है। विवेक यादव की शादी दो साल पहले हुई थी। अभी उसकी कोई संतान नहीं है। घर के कमाऊ सदस्य की हादसे में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां सहित परिजनों का रोते रोते बुरा हाल था। इस संबंध में कोतवाल सच्चिदानंद यादव का कहना था कि मृतक की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।