घोसी के अदरी- मधुबन शहीद मार्ग पर दरियाबाद स्थित गांव के मोड़ पर बस की चपेट में आने से साइकिल सवार ?
- फोटो : MAU
मझवारा। घोसी कोतवाली क्षेत्र के दरियाबाद मोड के निकट शहीद रोड पर सोमवार की सुबह नौ बजे प्राइवेट बस की चपेट में आने से साइकिल सवार 60 वर्षीय चौकीदार की मौत हो गई। घटना से नाराज गांव वालों ने घटना स्थल के पास शहीद रोड जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने और घटना स्थल पर ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण माने और जाम समाप्त किया। मझवारा क्षेत्र के खैरा मुहम्मदपुर निवासी भोला यादव पुत्र स्व. चन्द्रमा सोमवार को किसी काम से मझवारा बाजार गये थे। काम पूरा कर वह बाजार से लौट रहे थे कि शहीद मार्ग पर मधुबन की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ऐसे में वृद्ध साईकिल सहित बस के नीचे आ गये। बस के अगले हिस्से में फंसकर वह करीब 100 मीटर दूर तक घिसटते चले गये। लोग जब तक कुछ समझ पाते चालक बस छोड़कर फरार हो गया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने अदरी मधुबन शहीद मार्ग पर जाम लगा दिया । सूचना पर पहुंचे कोतवाल सच्चिदानन्द यादव और मझवारा चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों को घटना स्थल पर बुलाने की मांग करते रहे। करीब एक घण्टे बाद उपजिलाधिकारी निरंकार सिंह व सीओ अभिनव कन्नौजिया पहुंचे और मृतक के परिवार को किसान बीमा के तहत 5 लाख रुपये व अन्य लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही घटना स्थल के पास दोनो तरफ ब्रेकर बनवाने का लिखित आश्वासन दिया। तब जाकर करीब डेढ घण्टे बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान अदरी मधुबन शहीद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। घटना के बाद मृतक के दो लडकों रामलखन व भरत सहित दो लडकियों व परिजन बिलखते रहे। पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।