रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के ढिलई फिरोजपुर गांव के ट्रक से टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त टेंपो।
- फोटो : MAU
मधुबन/फतेहपुर मंडाव। रामपुर थाना क्षेत्र के मधुबन- बेल्थरा मार्ग पर बुधवार की रात अज्ञात वाहन ने सवारियों से भरे ऑटो में टक्कर मार दिया था। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार तीन यात्री गंभीर रुप से घायल हुए। गुरुवार को इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। मरने वाला घायल आटो चालक का पुत्र है। जानकारी के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी रंजीत (42) पुत्र चंद्रदेव अपने दो पुत्रों सुनील (20) और सूरज (10) के साथ निजी आटो से अपनी ससुराल बलिया से घर लौट रहे थे । मधुबन बेल्थरा रोड मार्ग पर मौजूद गुरुम्हा तिवारी चट्टी के पास जैसे ही आटो पहुंचा, सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन टक्कर मार दिया। साथ ही दुर्घटना के बाद वाहन मौके से फरार हो गया। जबकि वाहन के धक्के से आटो में सवार तीनों पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हुए। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त आटो में कुछ लोग घायल अवस्था में चीख पुकार रहे थे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना रामपुर थाने की पुलिस को दिया। इस दौरान सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजकेशर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने सुनील व रंजीत की स्थिति को गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान सुनील की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजन की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ली।