हलधरपुर। कोरोना संक्रमण काल में भी रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बिना पंजीकरण के ही दर्जनों कोचिंग सेंटर धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। इन पर अंकुश लगाने के लिए शिक्षा विभाग की तरफ से टीम गठित तो की गई है, लेकिन अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। कोरोना को लेकर शासन प्रशासन ने स्कूल, कालेज, कोचिग संस्थान बंद कर रखा है। जबकि नियम कानून को ताक पर रखकर क्षेत्र के रतनपुरा, पहसा, बेलौझा, हलधरपुर सहित ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में धड़ल्ले से कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। यहां सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया जा रहा है। इनके लिए शिक्षा विभाग की ओर से टीमेें गठित की गई है। लेकिन अभी तक नियम कानून को ताक पर चला रहे कोचिंग सेंटरो के विरूद्ध कार्रवाई नहीं जा सकी है। अधिकांश सेंटर मानकों को पूरा नहीं कर रहे हैं। कोचिंग सेंटर तो सुबह पांच बजे से नौ तक बजे तक संचालित हो रहे हैं। लेकिन आला अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि नियम विरुद्ध तरीके से कोचिंग सेंटर चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।