उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के तत्वावधान में अधिकारियों तथा स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
इस मौके पर संगठन के संरक्षक रविंद्र नाथ ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा के आधार पर कार्यरत कर्मियों द्वारा बेहतर कार्य करने के बाद भी वाजिब हक नहीं मिल पा रहा है। शासन प्रशासन को अवगत कराए जाने के बाद भी मांगों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
कहा कि रिजवी कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार ग्रेड पे पद के अनुरूप वेतन का निर्धारण किया जाए। एनएचएम में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त प्रक्रिया को खत्म किया जाए। पूर्व में आउटसोर्सिंग के माध्यम से रखे गए कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से रखे गए कार्मिकों के साथ समायोजन करते हुए उनको निर्धारित वेतन दिया जाए।
प्रत्येक वर्ष नवीनीकरण की प्रक्रिया को समाप्त करके रिक्त पदों पर वरिष्ठता के अनुसार समायोजन करते हुए उनको निर्धारित वेतन दिया जाए। इसी क्रम में डॉ. शैलजाकांत पांडेय ने कहा कि एनएचएम में कार्यरत कर्मियों को स्वास्थ्य विभाग में समायोजित करने के लिए एनआरएचएम के अनुरूप पद सृजित किए जाएं।
एनएचएम में कार्यरत कर्मियों के विभिन्न संवर्गो में समान शिक्षा परंतु असमान वेतन की खामियों को दूर किया जाए। कहा कि मांगों पर अविलंब विचार नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे।