मधुबन तहसील क्षेत्र के देवरांचल में स्थित सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वर्तमान में जलस्तर खतरा बिंदु 66.31 मीटर से 1.21 मीटर नीचे है।
सरयू नदी के सबसे अंतिम छोर पर बसे बिन्दटोलिया, नई बस्ती और खैरा गांवों में कटान की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। कटान से डरे ग्रामीणों ने पहले से ही घरों का सामान समेटना शुरू कर दिया है।
प्रशासनिक अमला भी हरकत में आ गया है। बीते तीन दिनों में डीएम और एसपी के निरीक्षण के बाद बुधवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने क्षेत्र का दौरा किया था।
एसडीएम मधुबन राजेश अग्रवाल ने बताया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए संबंधित गांवों के सभी लेखपालों और कानूनगो की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
उन्होंने बताया कि संबंधित गांवों में लेखपाल लगातार भ्रमण कर रहे हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।