मनबढ़ किस्म के युवकों का आपस में मजाक उनके एक साथी के लिए जान पर भारी पड़ गया। सोमवार की शाम रिवाल्वर के चैंबर में गोली भरकर जैसे ही एक युवक ने अपने साथी मनीष पर तानी, गोली चल गई। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। साथी मौके से भाग खड़े हुए।
गोली की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना सरायलखंसी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की लेकिन घटनास्थल को लेकर ऊहापोह है। घटनास्थल सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रणवीरपुर गांव के पास है जो जनपद गाजीपुर के कासिमाबाद के भी काफी करीब है।
ऐसे में दोनो थानों की पुलिस तय नहीं कर पा रही कि घटना किस थाना क्षेत्र में हुई। हालांकि घायल को जिला अस्पताल भेज गया, जहां से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।
गाजीपुर जनपद के कासिमाबाद गांव निवासी 20 वर्षीय मनीष गुप्ता पुत्र लल्लन गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ जनपद में जिला मुख्यालय पर आनलाइन छात्रवृत्ति का फार्म भरने के लिए आया था।
छात्रवृत्ति का फार्म भरकर वह अपने साथियों के साथ घर जा रहा था। रास्ते में सभी रणवीरपुर के पास रुके और किसी अपने के पास रखी हुई अवैध रिवाल्वर में गोली भरने का प्रयास करने लगे।
उसकी किसी साथी ने रिवाल्वर के चैंबर में एक गोली भरकर उसे घुमा दिया। और मजाक में ही मनीष के सीने की तरफ तानकर ट्रायल करने लगा, बीच गोली चल गई। जो सीधे मनीष गुप्ता के सीने में जा लगी।
गोली लगने के बाद उसके साथी मौके से भाग खड़े हुए। जबकि मनीष चीखने चिल्लाने लगा और लहूलुहान होकर वहीं पर गिर पड़ा। आनन फानन युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे गंभीरावस्था में वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। युवक बीए प्रथम वर्ष का छात्र है।
घटना की सूचना पाकर जिला अस्पताल पर उसके परिवारीजन भी पहुंचे और उसे लेकर वाराणसी के लिए रवाना हो गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष सरायलखंसी कृपाशंकर पाठक का कहना है कि गोली कहां चली इसका निर्धारण ठीक से नहीं हो पा रहा है, घटना गाजीपुर क्षेत्र में है कि मऊ में। मामले की जांच पड़ताल चल रही है।