मऊ। बाल निकेतन क्रासिंग पर आरओबी बनाए जाने के लिए मंगलवार को राजस्व विभाग और नगरपालिका की टीम ने संयुक्त रूप से पैमाईश का कार्य शुरू किया। इस दौरान पहले दिन दोनों विभागों की टीमों ने हिंदी भवन से लेकर ढेकुलिया घाट तक सड़क की नापी की। इस क्रम में बुधवार को यह टीम रेलवे क्रॉसिंग से कैलाशपुरी की तरफ जाने वाली सड़क की नापी करेंगी। नापी के दौरान सेतु निगम के सहायक अभियंता एमएस शाहा मौजूद रहे।
नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक आदर्श त्रिपाठी के अनुसार नगर पालिका के साथ सदर तहसील के राजस्व निरीक्षक संग्राम सिंह के नेतृत्व में आरओबी निर्माण के लिए सड़क की नापी का कार्य किया गया। इस दौरान हिंदी भवन से ढेकुलिया घाट वाले मार्ग की नापी की जा सकी। इतने में पूरा दिन निकल गया। बुधवार को भी नापी का कार्य जारी रहेंगा। इस दौरान बाल निकेतन क्रासिंग से शहर की तरफ जाने वाली सड़क पर कैलाशपुरी मंदिर तक नापी की जाएगी।
इस नापी में देखा जा रहा कि कहां कितने लोगों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है। ताकि नोटिस जारी कर उनसे जमीन को खाली कराया जा सकें। जमीन की पैमाईश के दौरान सेतु निगम से एई एमएस शाहा भी मौजूद थे। बताते चले बाल निकेतन क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज न होने से आए दिन फाटक बंद होने से जाम लगता है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना होता है। आरओबी निर्माण कराने के लिए अमर उजाला द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान किसान नेता देवप्रकाश राय ने हाईकोर्ट में याचिका दायर किया था। इसके उपरांत शासन ने आरओबी बनाने की हरी झंडी बीते वर्ष अप्रैल माह में दिया था। तभी से निर्माण की कवायद शुरू की गई थी।