मऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने एसडीएम सदर, मधुबन तथा सदर क्षेत्राधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्वाचन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी से चर्चा की। उन्होंने 80 एवं 100 वर्ष की आयु से अधिक के मतदाताओं के बारे में जानकारी लेने के बाद उन सभी मतदाताओं के सत्यापन के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने कुल दिव्यांग मतदाताओं के बारे में भी जानकारी ली। ईपिक कार्ड के वितरण की स्थिति की जानकारी लेने के बाद वापस हुए ईपिक कार्ड को बीएलओ के माध्यम से वितरित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति पर चर्चा के दौरान उनके शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पिछले चुनाव के दौरान 50 फीसदी से कम मतदान वाले बूथों की जानकारी ली। निर्देश दिया कि इन बूथों को ध्यान में रखकर सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाए। मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी के लिए हस्ताक्षर अभियान, रैली निकालना एवं बैठक कर लोगों को मतदान हेतु प्रेरित करने को कहा। बूथों की भौतिक स्थिति के संबंध में चर्चा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बूथों पर शौचालय, रैम्प, पानी की व्यवस्था और विशेष तौर पर बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था पर चर्चा के दौरान जिलाधिकारी ने धारा 116 (3) के तहत पाबंद लोगों की संख्या की जानकारी ली साथ ही अवैध एवं मिलावटी शराब बेचने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक बूथ से कम से कम ऐसे 20 लोगों को चिंहित करने को कहा जो चुनाव के दौरान ज्यादा सक्रिय रहते हैं। उनके नाम व मोबाइल नंबर की सूची तैयार कर अपने पास रखने के निर्देश दिए।
बूथों पर आने वाली समस्याओं का करें निस्तारण
मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने ने पुलिस अधीक्षक सुशील घुले के साथ शहर स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों के 50 से ज्यादा बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने मदरसा तालीमुद्दीन, मदरसा हनफिया अहले सुन्नत बहरुल उलूम, दारुल उलूम निस्वा इंटर कालेज, मालिक ताहिरपुरा, मदरसा फौजेआम, मुस्लिम इंटर कालेज, मदरसा नूरुल इस्लाम चांदपुरा स्थित बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बूथों के सघन बसाव वाले एरिया में स्थित होने के कारण चुनाव के दौरान होने वाले समस्या को ध्यान में रखकर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिया।