सीएचसी मझवारा-दरियाबाद में करोड़ों की सुविधाएं बेकार, पांच साल बाद भी डॉक्टर-स्टाफ आवास का नहीं
मझवारा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मझवार-दरियाबाद में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वर्ष 2021 में लाखों रुपये की लागत से डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए आवास का निर्माण कराया गया था, लेकिन करीब पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी भवन का हैंडओवर नहीं हो सका है। नतीजतन आवास उपयोग में नहीं आ पा रहा है और शोपीस बनकर रह गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में तैनात डॉक्टर और कर्मचारी दूर-दराज से आते हैं। दोपहर करीब दो बजे के बाद अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ नहीं मिल पाता, जिससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अस्पताल में पेयजल व्यवस्था भी बदहाल है। परिसर में बनी पानी की टंकी उपयोग में नहीं है और अस्पताल में एक भी हैंडपंप नहीं लगा है। मरीजों और उनके तीमारदारों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इसके अलावा अस्पताल में लगभग छह महीने पहले एक्सरे और डेंटल मशीनें उपलब्ध करा दी गई थीं, लेकिन आज तक उनका संचालन शुरू नहीं हो सका है।