मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय सभागार में कानून व्यवस्था एवं अभियोजन शाखा की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी अरुण कुमार ने एससी/एसटी एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट के अधिकतम मामलों में रिहाई पर नाराजगी जताई। कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने को कहा। आर्म्स एक्ट में लाइसेंस निरस्तीकरण एवं निलंबन तथा गत माह में गुंडा एक्ट के तहत की गई कार्रवाइयों के सही आंकड़े प्रस्तुत न करने पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ संयुक्त निदेशक अभियोजन को तीन दिनों के की गई कार्यवाहियों की रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। वहीं, थानाध्यक्षों को अपराधियों की संपत्तियों का पता लगाने का निर्देश दिया। गौ तस्करी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त थानाध्यक्षों एवं क्षेत्राधिकारियों को कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा जिला बदर किए गए अपराधियों पर कड़ी नजर रखने की हिदायत दी। उन्होंने समाधान दिवस में आईं शिकायतों का उसी दिन निस्तारण करने को कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, एडीएम सत्यप्रिय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार अत्री आदि शामिल रहे।