परदहा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय ओन्हाईच में परीक्षा देते बच्चे।
- फोटो : mau
परिषदीय प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं गुरुवार को शुरू हुई। बीएसए सहित उड़ाका दल ने विद्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान परीक्षार्थियों की उपस्थिति कम होने पर रिपोर्ट मांगी।
सर्व शिक्षा अभियान पर करोड़ों रुपया पानी की तरह बहाने के बाद भी शासन की मंशा सफल होती नजर नहीं आ रही है। विद्यालयों के अभिलेेखों में बच्चों की उपस्थिति प्रतिदिन शत प्रतिशत दर्ज की जाती है। लेकिन वार्षिक परीक्षा में अधिकांश विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति शत प्रतिशत दर्ज नहीं हो सकी। जिले में 1060 प्राथमिक तथा 442 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत 1.34 बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं गुरुवार को शुरू हुई। पहले दिन हिंदी तथा पर्यावरण की परीक्षा हुई।
परीक्षा के पहले ही दिन प्राथमिक विद्यालय अहिलाद में 126 के सापेक्ष 96, उच्च प्राथमिक विद्यालय अहिलाद में 48 के सापेक्ष 42 और प्राथमिक विद्यालय ओन्हाइच में 138 के सापेक्ष 110 बच्चे शामिल हुए। यही हाल अन्य विद्यालयों का भी रहा।
उधर, बीएसए सहित जनपदस्तरीय सचल दस्ता ने विद्यालयों का भ्रमण कर परीक्षा का जायजा लिया। एनपीआरसी से परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पूर्व विद्यालयों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया। परीक्षा प्रभारी तथा जिला समन्वयक प्रशिक्षण चंद्रधर यादव ने बताया कि परीक्षा से अनुपस्थित चल रहे परीक्षार्थियों के मामले में बीईओ से रिपोर्ट मांगी गई है।